Table of Contents
Toggleप्राणायाम के प्रकार: जानिए स्वाभाविक, उदर, वक्ष, गर्दनी और योगिक श्वसन की विधियाँ
प्राणायाम के प्रकार
स्वाभाविक श्वसन,
उदर श्वसन,
वक्ष श्वसन,
गर्दनी श्वसन,
यौगिक श्वसन।
स्वाभाविक श्वसन करने की विधि
ज्ञान की किसी सुविधाजनक आसन में बैठ जाएं या श्वसन में लेट जाएं और पूरे शरीर को शिथिल करें। अपनी सहज और स्वाभाविक श्वसन प्रक्रिया का अवलोकन करें। श्वास के प्रवाह के प्रति पूर्ण रूप से सजग बनें। नासिका से आती-जाती श्वास के प्रभाव का अनुभव करें। श्वास पर किसी प्रकार का नियंत्रण न करें। ध्यान दें कि जब नासिका से श्वास भीतर जाती है, तब श्वास शीतल होती है और जब नासिका से श्वास बाहर आती है, तब श्वास गर्म होती है। दृष्टा भाव से इसका अवलोकन करें। श्वास प्रवाह के आने-जाने का अनुभव करें, जो गले के ऊपर, मुंह के पिछले भाग में हो रहा है। अब अपनी सजगता को गले के आसपास रखें और अनुभव करें कि श्वास गले से होकर प्रवाहित हो रही है। सजगता को और नीचे वक्ष स्थल में ले आएं और श्वास नालियों एवं वाहिकाओं में बहती हुई अनुभव करें। उसके बाद फेफड़ों में श्वास प्रवाह का अनुभव करें। फेफड़ों के फैलने और सिकुड़ने के प्रति सजग बनें। अब अपना ध्यान वक्ष पिंजर की ओर ले जाएं और इस क्षेत्र में विस्तार और संकुचन को मानसिक रूप से देखें। सजगता को नीचे उदर प्रदेश में ले आएं। अनुभव करें कि श्वास लेने पर उदर ऊपर की ओर उठता है और श्वास छोड़ने पर नीचे की ओर जाता है। अंत में, नासिका छिद्रों से उदर तक संपूर्ण श्वसन प्रक्रिया के प्रति सजग बन जाएं और कुछ समय तक आती-जाती श्वास को देखते रहें। अब अपनी सजगता को भौतिक शरीर पर वापस लाएं और उसे एक इकाई के रूप में देखें, फिर आंखें खोल लें।
उदर श्वसन
उदर श्वसन, श्वसन की सबसे स्वाभाविक एवं प्रभावी विधि है। तनाव, बैठने की त्रुटिपूर्ण स्थिति, कसे हुए वस्त्र और प्रशिक्षण की कमी के कारण हम प्रायः इसे भूल जाते हैं। एक बार पुनः यह विधि हमारे दैनिक जीवनचर्या का अंश बन जाए, तो हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार परिलक्षित होगा।
उदर श्वसन करने की विधि
श्वसन में लेट जाएं और पूरे शरीर को शिथिल करें। सहज श्वास के प्रति सजग रहें। उसे किसी प्रकार नियंत्रण में न लें। उसे पूरी तरह स्वाभाविक ही रहने दें। कुछ समय तक स्वाभाविक श्वास को मानसिक रूप से देखते रहें। दाहिने हाथ को नाभि के ठीक ऊपर पेट पर और बाएं हाथ को वक्ष के मध्य में रखें।
दाहिना हाथ श्वास लेने के साथ ऊपर और श्वास छोड़ने के साथ नीचे जाएगा, परंतु बायां हाथ श्वास के साथ नहीं हिलना चाहिए। उदर में किसी प्रकार का तनाव न रहे। किसी भी प्रकार से बल प्रयोग न करें। वक्ष को फैलाने का प्रयास न करें और न ही कंधों को हिलाएं-डुलाएं। अनुभव करें कि उदर फैल और सिकुड़ रहा है। धीमा और गहरा श्वसन करते रहें। उदर को जितना संभव हो, फैलाते हुए श्वास लें, किंतु वक्ष पिंजर को न फैलाएं। पूरक के अंत में मध्यपटल उदर को दबाएगा और नाभि उसमें उच्चतम बिंदु पर होगी। रेचक के समय मध्यपटल ऊपर की ओर जाता है और उदर नीचे की ओर जाता है। रेचक के अंत में उदर संकुचित हो जाता है और नाभि मेरुदंड की ओर दब जाती है। कुछ मिनटों तक इस अभ्यास को जारी रखें।
वक्ष श्वसन
इसका संबंध प्रायः शारीरिक व्यायाम और परिश्रम, तथा साथ ही दबाव और तनाव से भी रहता है। इस स्थिति में यह शरीर को अधिक ऑक्सीजन प्राप्त करने में सहायक होता है। ऐसा देखा गया है कि तनावपूर्ण स्थिति के टल जाने के बाद भी कई लोगों में इस प्रकार के श्वसन को जारी रखने की प्रवृत्ति हो जाती है, जिसके फलस्वरूप गलत श्वसन विधि की आदत हो जाती है और तनाव बना रहता है।
वक्ष श्वसन करने की विधि
ज्ञान के किसी आसन में बैठ जाएं या श्वसन में लेट जाएं और पूरे शरीर को शिथिल करें। वक्ष के दोनों भागों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कुछ समय के लिए अपनी स्वाभाविक श्वास को सजगता पूर्वक देखें और उसे अनवरत चलने दें। मध्यपटल का उपयोग बिल्कुल बंद कर दें और वक्ष को धीरे-धीरे फैलाकर उसमें सांस लेना प्रारंभ कर दें। प्रत्येक पसली की बाहर और ऊपर की ओर होने वाली गति का अनुभव करें और इस फैलाव से फेफड़ों में भरने वाली वायु के प्रति भी सजग हो जाएं। वक्ष को अधिक से अधिक फैलाएं।
श्वास छोड़ते हुए वक्ष की पेशियों को शिथिल करें। अनुभव करें कि वक्ष सिकुड़ कर फेफड़ों से वायु को बाहर निकाल रहा है। पूर्ण सजगता के साथ वक्ष से धीरे-धीरे गहरी सांस लें। मध्यपटल का उपयोग न करें। प्रत्येक श्वास के बाद थोड़ा विश्राम करें और कुछ देर इस प्रक्रिया को जारी रखें।
गर्दनी श्वसन
इसमें श्वास लेते समय फेफड़े का अधिकतम विस्तार होता है और इससे फेफड़ों के ऊपरी भाग में ही वायु का प्रवेश हो पाता है। दैनिक जीवन में कठोर शारीरिक श्रम और दमा जैसी वायुपथ रोधी बीमारियों की अवस्था में ही गर्दनी श्वसन का उपयोग होता है।
गर्दनी श्वसन करने की विधि
श्वसन में लेट जाएं और पूरे शरीर को शिथिल करें। कुछ मिनट तक वक्ष श्वसन करें। वक्ष पिंजर को पूरी तरह फैलाएं और श्वास भरें। जब पसलियां पूरी तरह फैल जाएं, तब थोड़ी और सांस लें, जब तक कि गर्दन के मूल के चारों ओर फेफड़ों के ऊपरी भाग में फैलाव का अनुभव न होने लगे। कंधे और पसली भी थोड़ा ऊपर की ओर उठें। इसके लिए थोड़ा प्रयत्न करना होगा। धीरे-धीरे रेचक करें। पहले गर्दन के निचले भाग और वक्ष के ऊपरी भाग को खाली करें। फिर वक्ष पिंजर के शेष भाग को शिथिल कर प्रारंभिक स्थिति में ले आएं। इस प्रकार कुछ और श्वास लें और इस प्रकार के श्वसन के प्रभाव का अनुभव करें।
योगिक श्वसन
इसका अभ्यास किसी भी समय किया जा सकता है। उच्च तनाव या क्रोध की स्थितियों में स्नायु को शांत करने के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। दैनिक योगाभ्यास में इसको जोड़ लेना स्वाभाविक श्वसन क्रिया में सुधार लाता है और श्वसन में गहराई आती है, किंतु निरंतर योग श्वसन का अभ्यास नहीं करना चाहिए।
योगिक श्वसन करने की विधि
ज्ञान के किसी आसन में बैठ जाएं या श्वसन में लेट जाएं और पूरे शरीर को शिथिल करें। धीमी और हल्की, गहरी सांस भीतर लें और पूरी तरह से पेट को फैलाएं। श्वास धीरे-धीरे लेने का प्रयास करें। श्वास की आवाज ना सुनाई दे। अनुभव करें कि हवा फेफड़ों के निचले भाग में जा रही है और पेट में फैलाव हो रहा है। फिर वक्ष को भी बाहर और ऊपर की ओर फैलना प्रारंभ कर दें। जब पसलियां पूरी तरह से फैल जाएं, तब थोड़ी और सांस लें, जब तक कि गर्दन के निचले भाग के चारों ओर फेफड़ों के ऊपरी भाग में फैलाव का अनुभव न हो। पसली और कंधे भी थोड़े ऊपर की ओर उठने चाहिएं। गर्दन की पेशियों में थोड़े तनाव का अनुभव करें। शरीर को बिल्कुल शिथिल छोड़ दें। अनुभव करें कि फेफड़ों के ऊपरी भाग में वायु भर रही है। यह एक संपूर्ण, पूरी हुई प्रक्रिया एक सतत गति के रूप में होनी चाहिए।
श्वसन का हर चरण दूसरे चरण में इस प्रकार मिल जाए कि दोनों के बीच कोई अंतराल अनुभव न हो। प्रक्रिया के बीच में कोई झटका या अनावश्यक तनाव नहीं होना चाहिए। श्वसन सागर की लहरों के उतार-चढ़ाव की तरह होना चाहिए। अब श्वास छोड़ना शुरू करें। सबसे पहले गर्दन के निचले भाग और वक्ष के ऊपरी भाग को शिथिल करें। उसके बाद वक्ष को नीचे की ओर और फिर भीतर की ओर संकुचित होने दें। इसके बाद मध्यपटल को ऊपर और फिर उदर को वक्ष की ओर आने दें। उदर की दीवार को मेरुदंड के अधिक से अधिक निकट खींचकर, बिना अधिक जोर लगाए फेफड़ों को अधिक से अधिक खाली करने का प्रयास करें। संपूर्ण गतिविधि सामंजस्यपूर्ण और लयबद्ध होनी चाहिए। श्वास बाहर छोड़ने के बाद कुछ देर के लिए कुंभक करें। यह योगिक श्वसन का एक चक्र पूरा हुआ। प्रारंभ में आप इसे 5 से 10 चक्र करें और फिर धीरे-धीरे बढ़ाकर प्रतिदिन 10 मिनट तक ले जाएं।
निष्कर्ष
प्रायः सभी प्राणायाम में योगिक श्वसन का उपयोग किया जाता है। ध्यान देने योग्य मुख्य बात यह है कि श्वसन आरामदायक और विश्रामपूर्वक होना चाहिए। बाद में जब सजगता और श्वसन प्रक्रिया पर नियंत्रण स्थापित हो जाए, तब असली श्वसन छोड़कर योगिक श्वसन के उदर श्वसन और वक्ष श्वसन का योग होता है। श्वास प्रवाह स्वाभाविक होना चाहिए। किसी प्रकार का जोर नहीं लगना चाहिए।
📞 हमसे संपर्क करें
यदि आपको प्राणायाम, योग अभ्यास, या स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी जानकारी की आवश्यकता हो, या आप यह जानना चाहते हैं कि प्राणायाम आपके जीवन में कैसे सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है — तो आप हमसे संपर्क कर सकते हैं।
📱 फोन:
+91 8076933723
📧 ईमेल:
aanandamyog14@gmail.com
🌐 वेबसाइट:
https://aanandamyog.com
आनंदम योग परिवार आपकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
स्वस्थ जीवन की ओर एक कदम आज ही बढ़ाएं।
